वृद्ध से लॉटरी के नाम पर ठगी:कानपुर में 50 हजार रुपए हड़पे, कोर्ट के आदेश पर FIR




कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र में एक 56 वर्षीय वृद्ध से ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में सुनवाई न होने पर कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। परदेवनपुरवा निवासी मलय घोष ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि मार्च 2026 में उन्होंने अपने मोबाइल पर ‘केरेला लॉटरीज’ नामक एक वेबसाइट देखी थी। वेबसाइट पर कंपनी को केरल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त बताया गया था और उसके प्रोजेक्टों की जानकारी भी दी गई थी, जिससे वे प्रभावित हुए। इसमें लॉटरी खरीदने पर इनाम जीतने का भी उल्लेख था। घोष ने ऑनलाइन भुगतान कर दो लॉटरी खरीदीं। कुछ समय बाद उन्हें एक मैसेज मिला जिसमें बताया गया कि उन्होंने 12 लाख रुपये का तीसरा इनाम जीता है। इस इनाम के भुगतान के लिए उनसे 4,150 रुपये प्रोसेसिंग फीस के तौर पर मांगे गए, जिसका उन्होंने ऑनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद, दो प्रतिशत जीएसटी के रूप में 24,000 रुपये की मांग की गई, जिसका भुगतान भी पीड़ित ने कर दिया। ठगों ने फिर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त करने के लिए 36,000 रुपये की मांग की। जब पीड़ित ने इतनी रकम भेजने में असमर्थता जताई, तो उन्हें कंपनी की ओर से फोन आया। आरोपियों ने झांसे में लेकर उनसे कुल 50,000 रुपये ठग लिए और उनके आधार कार्ड की फोटो भी मंगवाई। इसके बावजूद, उनसे 36,000 रुपये की लगातार मांग की जा रही थी, जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *