शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक:तीन घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा; तीन थानों का पुलिस बल रहा तैनात, सूझबूझ से उतारा




भिंड के गोहद क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 17 के गोहद चौराहा क्षेत्र में शनिवार शाम को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा खड़ा हो गया, जब एक युवक शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक काफी देर तक टावर के ऊपर बैठा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। जानकारी के अनुसार रामदास जाटव पुत्र रामस्वरूप जाटव उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम मनोहर का पूरा थाना एंडोरी, वर्तमान में गोहद चौराहा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर सेटिंग लगाने का कार्य करता है। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी है। अत्यधिक शराब सेवन के बाद परिवार से विवाद हो गया, जिसके बाद वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से हंगामा करने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौराहा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियातन टावर के नीचे जाल बिछवाया, ताकि किसी हादसे की स्थिति में युवक को बचाया जा सके। वहीं तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया और आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया गया। करीब तीन घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोग युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे। तहसीलदार राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक की पत्नी ने जानकारी दी है कि वह लंबे समय से शराब की लत का शिकार है, जिससे परिवार परेशान रहता है। युवक को नीचे उतारने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद भेजा गया, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि युवक शराब के नशे में टावर पर चढ़ गया था। उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *