शराब बेचने से टोका तो कट्टे से दाग दी गोली:सागरताल सरकारी मल्टी के पास दहशत फैलाने वाला आरोपी छोटू सेन गिरफ्तार




ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सागरताल स्थित सरकारी मल्टी के पास रविवार देर रात अवैध शराब बेचने से रोकने पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता को निशाना बनाते हुए कट्टे से गोली चला दी। हालांकि युवक ने समय रहते हटकर अपनी जान बचा ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, तिघरा निवासी धर्मेंद्र सिंह कुशवाह पुत्र माधव सिंह कुशवाह एक अधिकृत शराब दुकान पर कर्मचारी के रूप में कार्य करता है। धर्मेंद्र को सूचना मिली थी कि सागरताल सरकारी मल्टी के पास छोटू सेन नामक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। रविवार रात करीब 11 बजे धर्मेंद्र मौके पर पहुंचा और छोटू सेन को अवैध शराब बेचने से मना किया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि छोटू सेन गाली-गलौज पर उतर आया और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। कट्टे से किया फायर, बाल-बाल बची जान पीड़ित धर्मेंद्र के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपी छोटू सेन ने पास खड़ी अपनी ब्रेजा कार से कट्टा निकाला और सीधे उस पर फायर कर दिया। धर्मेंद्र ने तत्काल पीछे हटकर अपनी जान बचाई। गोली उसके बेहद करीब से निकल गई। उसका कहना है कि यदि वह समय रहते नहीं हटता, तो गोली सीधे उसके सीने में लग सकती थी। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद धर्मेंद्र सीधे बहोड़ापुर थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोमवार रात करीब 10 बजे आरोपी छोटू सेन को गिरफ्तार कर लिया। अवैध कट्टा और कार जब्त करने की कार्रवाई बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि अवैध शराब बेचने का विरोध करने पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल अवैध कट्टा और ब्रेजा कार को भी जब्त करने की प्रक्रिया की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *