शहडोल के चोरमरा गांव में पेड़ों की अवैध कटाई:बुजुर्ग की पेड़ से दबकर मौत, ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए आरोप




शहडोल जिले में अवैध पेड़ कटाई के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई। यह घटना मंगलवार को गोहपारू थाना क्षेत्र के चोरमरा गांव में हुई, जहां 60 वर्षीय हीरा लाल साहू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार, चोरमरा गांव में कुछ लोग पेड़ काट रहे थे। इसी दौरान एक विशालकाय पेड़ हीरा लाल साहू पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथियों के बचाने के प्रयास विफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगलों में अवैध कटाई जारी है। उनका आरोप है कि संबंधित वन विभाग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले जैतपुर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसमें अवैध कटाई के दौरान एक व्यक्ति की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई थी। इन लगातार हो रहे हादसों के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *