शामली महिला थाने में विकलांग दामाद को पीटा:काउंसलिंग के दौरान महिला के परिजनों ने की मारपीट, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग




शामली के महिला थाने में पति-पत्नी के विवाद की काउंसलिंग के दौरान जमकर मारपीट हो गई। महिला के परिजनों ने उसके पति और उसके साथ आए लोगों पर हमला कर दिया। घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मारपीट के बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ी करमू निवासी शहजाद पुत्र फैयाज की शादी करीब आठ साल पहले दिल्ली के मौला गौतम विहार निवासी गुलफशा पुत्री तैय्यब से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चलता आ रहा था। पिछले करीब एक साल से छोटी-छोटी बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी और झगड़े बढ़ गए थे। इसी विवाद को लेकर बीते कुछ दिनों से मामला शामली महिला थाने में चल रहा था। सुनवाई के दौरान भड़का विवाद बताया जा रहा है कि महिला थाने में शुक्रवार शाम दोनों पक्षों की काउंसलिंग और सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर महिला पक्ष आक्रोशित हो गया। आरोप है कि महिला के पिता तैय्यब ने अपने दामाद शहजाद और उसके साथ आए लोगों पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान दिव्यांग शहजाद और उसके साथ आए लोगों ने पुलिस की मदद से अपनी जान बचाई। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। धमकी देते हुए फरार हुए आरोपी पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिला पक्ष ने पुलिस के सामने ही हमला किया और बाद में धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आरोप यह भी है कि पुलिस ने समय रहते किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पहले शामली कोतवाली और फिर महिला थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। पहले भी सुर्खियों में रह चुका है महिला थाना गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले इसी महिला थाने के गेट पर एक महिला ने परेशान होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उस घटना के बाद भी महिला थाना सुर्खियों में आया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *