शारदा नहर में डूबने से लड़के की मौत:दो दोस्तों के साथ नहाने गया था, हादसा देख डरकर भागे




हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में चौंधीपुरवा में बुधवार शाम शारदा नहर में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने दो दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था, तभी वह गहरे पानी में चला गया। यह घटना चौंधीपुरवा गांव के पास शारदा नहर में हुई। कोरोकला निवासी 14 वर्षीय पवन अपने दोस्त 13 वर्षीय लड़ैतू और 15 वर्षीय करिया के साथ नहर में नहा रहा था। नहाते समय पवन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पवन के दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि डरकर दोनों दोस्त मौके से भाग गए। पवन की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत नहर में छलांग लगाकर उसे बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पवन को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पवन, काशीराम का 14 वर्षीय पुत्र था, जो खेती करते हैं। पवन घर से अपनी बुआ के घर कोथावां जाने की बात कहकर निकला था। वह चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। सूचना मिलने पर बेनीगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल सतीश चंद्र ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *