![]()
सूरजपुर जिले के नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत में पहली बार हो रहे चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने शक्ति प्रदर्शन किया। दोनों पार्टियों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों और दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान शिवनंदनपुर की सड़कें भाजपा के भगवा और कांग्रेस के तिरंगे झंडों से पटी रहीं। मंत्री, सांसद, पूर्व मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मौजूद रहे, जिससे चुनावी माहौल गरमा गया। भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज और प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी की उपस्थिति में नामांकन पत्र भरा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मंत्री ने किया भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर है और शिवनंदनपुर में भी कमल खिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प पर चलकर शिवनंदनपुर के विकास का वादा किया। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की बगावत से इनकार करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी को जिताने का आह्वान किया। भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित दुकानें उपलब्ध कराने और शहर को विकसित करने को अपना मुख्य मुद्दा बताया। जायसवाल ने दावा किया कि जनता भाजपा के साथ है। कांग्रेस ने भी दिखाई ताकत, पूर्व मंत्री संग पहुंचे प्रत्याशी दूसरी ओर कांग्रेस से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय सोनी ने पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े और नव नियुक्त जिला अध्यक्ष शशि सिंह की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने रैली के रूप में शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने दावा किया, ‘हजारों ग्रामीणों के साथ हमने नामांकन दाखिल किया है। हम भाजपा को चुनौती नहीं मानते। कांग्रेस की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हूं। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है, सब एकजुट हैं।’ कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी ने कहा, ‘हम मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। आज की यह भीड़ साफ बता रही है कि जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है। शिवनंदनपुर की जनता बदलाव चाहती है।’ 4 जून को आएगा फैसला नामांकन के आखिरी दिन दोनों ही दलों ने अपनी ताकत दिखाई और जीत का दावा किया। अब सबकी निगाहें 4 जून को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले निर्वाचित अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसका फैसला जनता करेगी।
Source link
शिवनंदनपुर में नामांकन के आखिरी दिन भाजपा-कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन:दोनों उम्मीदवारों ने दिग्गजों की मौजूदगी में दाखिल किए नामांकन, किया जीत का दावा















Leave a Reply