शिवपुरी में आईपीएल सट्टे में हारे 5 लाख, सुसाइड किया:कर्जदारों की प्रताड़ना से युवक ने खाया जहर, बनाया वीडियो; 5 पर केस दर्ज




शिवपुरी जिले के दिनारा में आईपीएल सट्टे में 5 लाख रुपये हारने के बाद कर्ज में फंसे एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संघर्ष उर्फ अमन भार्गव के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, दिनारा निवासी हेमंत भार्गव के बेटे अमन ने 3 मई को जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले गए थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। झांसी अस्पताल से मिली सूचना के बाद दिनारा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू की थी। 5 लाख हारने के बाद बना रहे थे दबाव
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और परिचितों के बयान दर्ज किए। जांच में यह खुलासा हुआ कि अमन ने आईपीएल मैचों में सट्टा लगाया था, जिसमें वह करीब 5 लाख रुपए हार गया था। इसके बाद सटोरियों द्वारा उसे लगातार पैसों के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्महत्या कर ली। आईफोन में मिला मौत से पहले का वीडियो
पुलिस जांच में सामने आया कि अमन ने आत्महत्या करने से पहले अपने आईफोन से एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने सट्टे में पैसे हारने और कुछ लोगों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की पूरी बात कही थी। इसके साथ ही, पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें प्रताड़ित करने वाले आरोपियों के नाम लिखे हुए हैं। सुसाइड नोट के आधार पर 5 पर FIR
दिनारा थाना पुलिस ने मृतक के वीडियो, सुसाइड नोट और परिजनों के बयान के आधार पर पांच लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस ने दिनारा निवासी राहुल राजपूत, शिवम यादव, चंदू यादव, सत्यम शर्मा और झांसी निवासी जीतू के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *