![]()
निवाड़ी जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक अनोखी पहल देखने को मिली। यहां प्रभारी मंत्री सहित कलेक्टर और एसपी बिना सरकारी काफिले के बस से निवाड़ी जिले के घुघसी गांव पहुंचे और तालाब में श्रमदान किया। इस कदम को जल संरक्षण के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल बचाने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अभियान में जिले के प्रभारी मंत्री नारायण कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े, एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया और जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना सहित पूरा प्रशासनिक अमला शामिल हुआ। आमतौर पर मंत्रियों और अधिकारियों के दौरे पर लंबा-चौड़ा काफिला होता है, लेकिन इस बार पूरा दल अलग-अलग सरकारी गाड़ियों की बजाय केवल दो बसों के जरिए गांव पहुंचा। सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से बस में यात्रा की। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील के बाद जिला प्रशासन ने यह पहल की। इस कदम से न केवल ईंधन बचाने का संदेश दिया गया, बल्कि वीआईपी संस्कृति से हटकर सादगी का एक उदाहरण भी पेश किया गया। तालाब में उतरकर किया श्रमदान
घुघसी तालाब पहुंचने के बाद मंत्री, अधिकारी और कर्मचारियों ने खुद तालाब में उतरकर सफाई की और श्रमदान किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया। मंत्री नारायण कुशवाहा ने कहा कि तालाब, बावड़ी और जल स्रोत केवल पानी का साधन नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा हैं। यदि आज इन्हें नहीं बचाया गया तो आने वाले समय में जल संकट और गहराएगा। उन्होंने कहा कि आज घुघसी तालाब की सफाई कर श्रमदान किया गया है और इसका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। कलेक्टर जमुना भिड़े और एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
Source link
श्रमदान करने बस से गांव पहुंचे मंत्री और कलेक्टर:तालाब में उतरकर की सफाई, ग्रामीणों के साथ चलाई कुदाल















Leave a Reply