संतों संग चले विधायक-पूर्व विधायक:भिंड में जैन मुनियों के स्वागत में उमड़ी भीड़, विशुद्ध सागर महाराज के आगमन पर फूलों की बारिश




भिंड में सोमवार सुबह पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज समेत 25 जैन मुनियों के आगमन पर शहर श्रद्धा और आस्था के माहौल में डूबा नजर आया। उमरी स्थित महावीर स्वामी तीर्थ स्थल के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे जैन संतों की अगवानी के लिए सुबह से ही श्रद्धालु सड़कों पर जुटने लगे। शहर के कई स्थानों पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया और रंगोलियां सजाई गईं। जैन मुनि मणिपुरा से विहार करते हुए अटेर रोड मार्ग से भिंड पहुंचे। संतों के दर्शन के लिए रास्तेभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोग कतारबद्ध खड़े होकर दर्शन करते रहे और जयघोषों से माहौल गूंजता रहा। लहार चुंगी क्षेत्र में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने जैन संतों का स्वागत कर अपने निवास पर चरण पखारकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के पास पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भी सेवा-पूजन किया। देखिए तस्वीरें…
साथ चलते नजर आए दोनों जनप्रतिनिधि विहार के दौरान विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह, दोनों पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज का हाथ पकड़कर साथ चलते नजर आए। करीब दो किलोमीटर तक दोनों जनप्रतिनिधि जैन संतों के साथ पैदल चले। यह दृश्य श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा। रोशनलाल दैपुरिया कॉलेज में किया विश्राम जैन मुनियों का विहार उदोतगढ़ स्थित रोशनलाल दैपुरिया कॉलेज पहुंचा, जहां दोपहर में विश्राम किया गया। जानकारी के मुताबिक शाम को मुनि आगे के विहार के लिए प्रस्थान करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *