![]()
संभल में एक तेज रफ्तार कैंटर ने अमरोहा से कृषि का सामान लेकर लौट रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने मेरठ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह सड़क हादसा संभल जनपद के थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र में सैदनगली-मनौटा रोड पर स्थित गांव ज्ञानपुर सिसौना के पास हुआ। मंगलवार को मेरठ के निजी अस्पताल में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ऐंचौड़ा कम्बोह गांव निवासी 21 वर्षीय नीतू सैनी पुत्र रामवीर सिंह के रूप में हुई है। नीतू सैनी बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और इन दिनों अपने घर आया हुआ था। वह घर की खेती के लिए सामान लेने अमरोहा जनपद के नगर पंचायत सैदनगली कस्बे गया था। वापस लौटते समय वह इस सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने नीतू को इलाज के लिए दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे मेरठ के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया। नीतू अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम प्रियांशु और मां का नाम आशा देवी है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना प्रभारी लवनीश कुमार ने बताया कि मृतक युवक के चाचा विनोद पुत्र हरवंश की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक (वाहन संख्या HR 67C9227) के खिलाफ BNS की धारा 324(4), 281, 125(b), 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Source link
संभल में कैंटर ने बाइक सवार को टक्कर मारी:अमरोहा से लौटते समय रौंदा, मेरठ में इलाज के दौरान मौत















Leave a Reply