संभल में गंगा दशहरा पर रूट डायवर्जन लागू:भारी वाहन प्रतिबंधित, दिल्ली जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरेंगे




संभल में ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने हाईवे पर वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है। मालवाहक वाहनों के लिए चार दिन और हल्के वाहनों के लिए दो दिन तक डायवर्ट किए गए मार्गों का उपयोग करना होगा। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व 25 मई को मनाया जाएगा। इस दौरान तिगरी, ब्रजघाट, अनूपशहर और राजघाट जैसे गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) केके विश्नोई ने बताया कि पर्व के मद्देनजर 26 मई की रात 12 बजे तक हाईवे पर भारी और हल्के मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हल्के वाहनों के लिए 24 मई की शाम छह बजे से ही डायवर्जन लागू कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए। यातायात प्रभारी जगमोहन ने जानकारी दी कि जिला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन प्लान पहले ही घोषित कर दिया गया है। सभी डायवर्ट किए गए मार्गों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। एसपी केके विश्नोई ने अधीनस्थ अधिकारियों को रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मुरादाबाद की ओर से संभल होते हुए दिल्ली जाने वाले निजी या रोडवेज बस, ट्रक, कैंटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे सभी भारी मालवाहक वाहन चौधरी सराय चौकी संभल से खिरनी होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। वापसी में भी उन्हें इसी मार्ग का उपयोग करना होगा। इसी प्रकार, मुरादाबाद की ओर से चंदौसी होते हुए दिल्ली, अलीगढ़ और आगरा जाने वाले निजी या रोडवेज बस, ट्रक, कैंटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे भारी मालवाहक वाहन बहजोई-धनारी इंदिरा चौक बबराला, नेहरू चौक गुन्नौर और नरौरा पुल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वापसी के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है। कुछ मार्गों पर भारी व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इनमें चौधरी सराय चौराहा संभल से सैदनगली-हसनपुर-गजरौला मार्ग और केसरपुर तिराहा से अनूपशहर टी-पॉइंट चौकी अनूपशहर की ओर जाने वाला मार्ग शामिल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *