संभल में डेयरी संचालक ने आत्महत्या की:घर से एक किलोमीटर दूर पेड़ से लटका मिला, प्रधान ने बुलाई पुलिस




संभल जिले में एक दूध डेयरी संचालक का शव खेत में खजूर के पेड़ से लटका मिला। युवक छह घंटे तक घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर से लगभग एक किलोमीटर दूर मक्का के खेत में शव मिलने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। यह घटना संभल जनपद की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव किरारी की है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र यशपाल कुमार के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अतुल बाइक लेकर गांव दिलगोरा दूध लेने के लिए घर से निकला था। दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। दोपहर 1:30 बजे परिवार के सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर अतुल की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान घर से एक किलोमीटर दूर मक्का के खेत में खजूर के पेड़ से उसका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। ग्राम प्रधान बनवारी ने तत्काल थाना बहजोई पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर दोपहर 3 बजे क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव और सीओ चंदौसी दीपक तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की। पिता यशपाल कुमार और चाचा मित्रपाल ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। अतुल अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। बड़े बेटे की मौत से मां कमलेश और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना बहजोई के क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान बनवारी की सूचना पर कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और आत्महत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *