![]()
संभल में भीषण गर्मी के बीच एक बुजुर्ग की कथित तौर पर ब्लड प्रेशर बढ़ने से मौत हो गई। 76 वर्षीय मकसूद अल्वी को परिजन इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए थे, लेकिन उन्होंने अस्पताल के गेट पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने ऐसे किसी मरीज के लाए जाने से इनकार किया है। यह घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के चंदौसी रोड स्थित नूरियों सराय गांव की है। मृतक की पहचान मकसूद अल्वी (76 वर्षीय) पुत्र अहमद अल्वी निवासी गांव नूरियो सराय के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मकसूद अल्वी की तबीयत बिगड़ गई और उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया। परिजन उन्हें तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए। अस्पताल के गेट पर पहुंचते ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी हालत बिगड़ी थी, जिससे उनकी मौत हुई। मौत की पुष्टि होने के बाद परिजन शव को वापस घर ले गए। अमरोहा के नूरपुर देहात निवासी मृतक के दामाद जय हिंद ने बताया कि उनके ससुर की उम्र करीब 75-80 साल थी। गर्मी के कारण अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। उन्होंने यह भी बताया कि डॉक्टरों ने कहा था कि ‘दिमाग में गर्मी चढ़ने’ की वजह से उनकी हालत बिगड़ी थी। परिजनों ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। दूसरी ओर, जिला संयुक्त चिकित्सालय के फार्मासिस्ट केके हटवाल ने इस घटना से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि गर्मी से तबीयत खराब होने वाले ऐसे किसी बुजुर्ग को अस्पताल में नहीं लाया गया है, इसलिए उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। मकसूद अल्वी की आठ बेटियां और दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उनकी बेटियों का पहुंचना शुरू हो गया। आपको बता दें कि संभल का पिछले 5 दिन से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस चल रहा है और भीषण गर्मी होने के कारण दोपहर में 4 घंटे तक सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है। जिला प्रशासन और चिकित्सकों की ओर से तेज धूप में घरों से बाहर निकालने के लिए मना किया गया है। वहीं परिजनों के द्वारा बुजुर्ग की मौत को गर्मी से होने का दावा किया गया है लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं है।
Source link
संभल में बुजुर्ग की मौत, ब्लड प्रेशर बढ़ा:परिजन बोले- गर्मी से बिगड़ी हालत; फार्मासिस्ट ने भर्ती से इंकार किया















Leave a Reply