![]()
अमेठी पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर यातायात निदेशालय के आदेशों के तहत यह अभियान पूरे जिले में लागू किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में तथा क्षेत्राधिकारी यातायात/तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना था। क्षेत्राधिकारी यातायात दिनेश कुमार मिश्र ने मोहनगंज थानाक्षेत्र के शंकरगंज टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच की। वहीं, प्रभारी यातायात और प्रभारी निरीक्षक गौरीगंज की संयुक्त टीम ने बाबूगंज टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त, जिले के सभी थानों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर वाहन तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस अभियान के दौरान ट्रक चालकों, भारी वाणिज्यिक वाहनों, प्राइवेट स्लीपर बसों, ईको कैब/वैन और अन्य वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर वाहन चालकों की शराब पीकर गाड़ी चलाने की जांच की गई।
शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने या संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अमेठी पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link














Leave a Reply