सतना के शहरी क्षेत्र में मीजल्स के 7 केस:संक्रमित बच्चों की उम्र 5 वर्ष से कम, ग्रामीण क्षेत्र में बच्ची की हुई थी मौत




सतना जिले के शहरी क्षेत्र में खसरे (मीजल्स) का प्रकोप बढ़ गया है। नागौद ब्लॉक के गिंजारा गांव के बाद अब सतना अर्बन के राजेंद्र नगर गली नंबर-16 में मीजल्स के मामले सामने आए हैं। सतना अर्बन में खसरे के 7 नए केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 4 राजेंद्र नगर से हैं। सभी संक्रमित बच्चे 5 वर्ष से कम आयु के हैं और फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। 22 बच्चों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराया जाएगा। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि मई माह में मीजल्स के लक्षण दिखने पर 22 बच्चों के सैंपल 20 मई को जांच के लिए आईसीएमआर लैब, जबलपुर भेजे गए थे। इन सैंपलों की रिपोर्ट 23 मई को आई, जिसमें 8 बच्चे संक्रमित पाए गए। इन 8 मामलों में से एक मामला नागौद ब्लॉक का है। संक्रमित बच्चों में 6 बच्चियां शामिल हैं। ये सभी हनुमान नगर नई बस्ती, बजरहा टोला, राजेंद्र नगर खूंटी और गिंजारा जैसे विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं। इस वर्ष 2024 में सतना और मैहर को मिलाकर मीजल्स के लगभग 40 मामले सामने आ चुके हैं। राजेंद्र नगर में सामने आया यह प्रकोप जिले में इस वर्ष का तीसरा बड़ा मामला है। गिंजारा गांव में खसरे से हो चुकी है बच्ची की मौत उल्लेखनीय है कि मीजल्स के कारण नागौद के गिंजारा गांव में 27 अप्रैल को एक मासूम बच्ची की मौत भी हो चुकी है। संजय अहिरवार की 2 वर्षीय बेटी उर्मी अहिरवार की मृत्यु खसरे के कारण हुई थी। संजय अहिरवार का परिवार जम्मू में रहता है और 18 अप्रैल को गांव आया था। 23 अप्रैल को उर्मी अहिरवार के शरीर पर छोटे-छोटे दाने निकल आए थे। साथ ही उसे बुखार और डायरिया भी था। परिजन 24 अप्रैल की रात 9 बजे उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नागौद ले गए थे। हालांकि, 25 अप्रैल की शाम को परिजन अपनी मर्जी से उर्मी को घर वापस ले गए और झाड़-फूंक कराते रहे, जिसके बाद 27 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। अब उर्मी की बड़ी बहन भी संक्रमित उर्मी अहिरवार की मौत के बाद गिंजारा गांव से 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों का सर्वे कराया गया था। सर्वे के दौरान संदिग्ध बच्चों के सैंपल लिए गए थे। बताया गया है कि अब उर्मी अहिरवार की बड़ी बहन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उर्मी को भी संक्रमण अपनी बहन से ही फैला था। हालांकि अब उसकी बहन खतरे से बाहर है। जहां केस आए वहां सर्वे कराएगा विभाग जिला टीकाकरण अधिकारी सुचित्रा अग्रवाल ने बताया कि सतना शहरी क्षेत्र में जहां मीजल्स के केस सामने आए हैं, वहां सर्वे कराया जाएगा। बच्चों को एमआर वैक्सीन की अतिरिक्त डोज के साथ विटामिन-ए सिरप पिलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। जहां-जहां केस मिले हैं, वहां आसपास सर्वे कराया जाएगा। संदिग्ध बच्चों की जांच कराई जाएगी और उन्हें एमआर वैक्सीन की अतिरिक्त डोज के साथ विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *