सतना में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट:10 दिनों से 42-45 डिग्री के बीच पारा, दोपहर में घर से न निकलने की सलाह




सतना जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार, 22 मई को भी जिले में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने सतना जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गुरुवार को 44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान की तरफ से आ रही रेतीली और शुष्क गर्म हवाओं के कारण सतना समेत पूरे रीवा संभाग में हीटवेव जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले 10 दिनों से जिले का तापमान लगातार 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हवा में सुबह की नमी 22 प्रतिशत और शाम को 13 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने दोपहर में घर से न निकलने की सलाह दी
दोपहर के समय चल रही लू ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रात के तापमान में भी कमी नहीं आने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। लगातार पंखे, कूलर और एसी चलने से बिजली की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। जरूरी होने पर सिर पर गमछा या कपड़ा ढंककर निकलने और हर घंटे शीतल पेयजल पीने की सलाह दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *