![]()
भास्कर न्यूज | कवर्धा जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान का आयोजन 18 से 25 मई तक किया जाएगा। यह अभियान पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत चिह्नांकित जनजातीय ग्रामों में संचालित होगा। अभियान के क्रियान्वयन को लेकर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के उद्देश्य, गतिविधियों तथा ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सबसे दूर, सबसे पहले की थीम के तहत जनजातीय क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके तहत 19 से 25 मई तक ग्राम स्तर पर जागरूकता एवं संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान फील्ड विजिट, लाभार्थी संवाद, योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य शिविर तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से गांव-गांव में स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। सहायक आयुक्त एलपी पटेल ने भी अभियान की रूपरेखा एवं तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इन शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जनधन खाता, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि शिविरों का आयोजन मुख्य रूप से आदि सेवा केंद्रों में किया जाएगा। इसके साथ ही जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निराकरण भी किया जाएगा।
Source link
सबसे दूर, सबसे पहले थीम पर योजनाओं का क्रियान्वयन








Leave a Reply