सरकारी अस्पताल में गर्भवती से रुपए मांगने का आरोप:पीड़ित बोला- पैसे न देने पर इलाज करने से मना किया, डिस्चार्ज के समय भी रुपए मांगे




शामली के कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मियों पर एक गर्भवती महिला के परिजनों ने डिस्चार्ज के नाम पर रुपए मांगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पैसे देने में असमर्थता जताने पर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स के पति ने परिजनों और महिलाओं के साथ अभद्रता की। घटना कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीमियां निवासी आदिल पुत्र हाजी शफीक से जुड़ी है। आदिल ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी हसीबा को 23 मई को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया था। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स दीक्षा ने भर्ती करने के कुछ देर बाद ही जांच के नाम पर 1500 रुपये की मांग की। परिजनों द्वारा गरीबी और असमर्थता जताने पर स्टाफ नर्स ने इलाज करने से इनकार कर दिया। पीड़ित आदिल का आरोप है कि उस समय अस्पताल में स्टाफ नर्स दीक्षा का पति कपिल भी मौजूद था। पैसे देने से मना करने पर कपिल ने पीड़ित परिवार की महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, पीड़ित परिवार ने किसी तरह 900 रुपये का इंतजाम कर स्टाफ नर्स को दिए। जिसके बाद ही महिला का उपचार शुरू हुआ। महिला ने एक बेटी को जन्म दिया है। रविवार को जब पीड़ित ने अपनी पत्नी और नवजात बच्ची को डिस्चार्ज करने के लिए कहा, तो मौके पर मौजूद स्टाफ नर्स और गंगेरू निवासी आशा कार्यकर्ता पूजा ने 2500 रुपये की और मांग कर दी। पीड़ित के कारण पूछने पर उन्होंने पैसों का बंटवारा बताते हुए कहा कि 1500 रुपये स्टाफ नर्स दीक्षा, 500 रुपये आशा कार्यकर्ता पूजा तथा 500 रुपये सफाई कर्मचारी को इनाम के रूप में देने होगें। पैसे न देने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने फिर से अभद्रता शुरू कर दी और मरीज को डिस्चार्ज करने से मना कर दिया। पीड़ित आदिल ने अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि इस पूरी घटना से उनकी पत्नी और परिवार को गहरा मानसिक आघात लगा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी स्टाफ नर्स, आशा कार्यकर्ता और नर्स के बाहरी पति के खिलाफ कठोर दंडात्मक व विभागीय कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी गरीब परिवार का इस तरह शोषण न हो सके। उधर इस मामले में सीएससी प्रभारी वीरेंद्र सिंह का कहना है कि स्टाफ नर्स दीक्षा के पति को यहां से भेज दिया गया है और स्टॉप नर्स दीक्षा को नोटिस जारी कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है, हालांकि सीएससी पर भारी मामले में लीपा पोती करते हुए नजर आ रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *