सहारनपुर में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन:प्रदेशाध्यक्ष अजय राय आएंगे, इमरान बोले;अनुशासन कांग्रेस की परंपरा, रास्ते में किसी को न हो परेशानी




सहारनपुर में सोमवार यानी आज गागलहेड़ी स्थित रॉयल पैलेस में होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन से एक दिन पहले रविवार को लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने अपने अंबाला रोड स्थित कैंप कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को अनुशासन व व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने वाहनों पर झंडे और बैनर लगाकर तय समय पर शाम पांच बजे तक सम्मेलन स्थल पहुंचें। उन्होंने हिदायत दी कि सम्मेलन स्थल तक जाते और लौटते समय यातायात व्यवस्था तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि संघर्ष कांग्रेस की संस्कृति है और अनुशासन पार्टी की परंपरा। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक जैन ने किया। बैठक में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद इमरान मसूद ने कहा कि देश और प्रदेश में जनता की समस्याओं को उठाने वाली आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है, लेकिन सरकार सख्त कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, लेकिन सरकार ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। इमरान मसूद ने केंद्र सरकार की विदेश नीति और ऊर्जा नीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की असफल कूटनीति के कारण देश के ऊर्जा क्षेत्र के हित प्रभावित हुए हैं और इसका असर आम जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि आरएसएस की विचारधारा, भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति का मुकाबला केवल कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिए संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है। उनका दावा था कि 2027 विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में अमन, मोहब्बत और विकास की सरकार बनाने का लक्ष्य कांग्रेस पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *