सहारनपुर में नौतपा की दस्तक…सड़कों पर लगाई ग्रीन मैट:43.3 डिग्री पार पहुंचा तापमान, लू ने किया बेहाल, सड़कों पर सन्नाटा




सहारनपुर में पिछले एक सप्ताह से गर्मी लगातार अपना रौद्र रूप दिखा रही है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। आज से नौतपा शुरू हो रहा है और उससे पहले ही अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दोपहर के समय चली लू ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार को नौतपा के बावजूद तापमान में करीब एक डिग्री गिरावट की संभावना जताई है। रविवार को शहर के बाजारों और प्रमुख सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग चेहरे और शरीर को कपड़ों से ढंककर निकले। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। 25 मई से शुरू हुए नौतपा के दौरान तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर होने के कारण फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम बताए जा रहे हैं। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सावधानी बरतने की सलाह दी है। हीट स्ट्रोक के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है। किठौर सीएचसी, जिला अस्पताल और मेडिकल अस्पताल में कोल्ड रूम बनाए गए हैं, जहां हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों का तापमान सामान्य कर उपचार किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि गर्मी के दौरान लोगों को राहत देने के लिए सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर ORS कॉर्नर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर ओआरएस पैकेट के साथ बुखार, उल्टी और डिहाइड्रेशन से संबंधित जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत लोगों की मदद की जा सके। गर्मी में बरतें ये सावधानियां
शरीर में पानी की कमी न होने दें। दिनभर पर्याप्त पानी, नींबू पानी, छाछ और ORS का सेवन करें।
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें। बाहर जाते समय छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें।
ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर ठंडा रहे और पसीना आसानी से सूख सके।
ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन कम खाएं। तरबूज, खीरा, ककड़ी और मौसमी फलों का सेवन बढ़ाएं।
चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत छांव में जाएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *