![]()
सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित अहमदबाग कॉलोनी में देर रात एक मकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के दौरान आसपास के लोगों ने तेज धमाकों और पटाखों जैसी आवाजें सुनीं, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार आग व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेंद्र सिंह चावला के भाई इकबाल सिंह चावला के मकान में लगी। बताया जा रहा है कि मकान के स्टोर में पटाखे रखे हुए थे। प्रथम जानकारी में आशंका जताई गई कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद स्टोर में रखे सामान ने आग पकड़ ली। पटाखों के कारण बीच-बीच में धमाके होने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अग्निकांड में बेड, संदूक, कपड़े, गद्दे, टीवी ट्रॉली, कंबल और रजाई सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे मकान के अन्य हिस्सों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
Source link
सहारनपुर में मकान के स्टोर में लगी आग:पटाखों की आवाज से दहशत, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू















Leave a Reply