![]()
सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूट की एक वारदात हुई। अंबाला-देहरादून हाईवे पर हरियाबांस गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक युवक को रोका और हथियार के बल पर उसकी बाइक व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस घटना से राहगीरों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, थाना फतेहपुर क्षेत्र निवासी ओमपाल अपनी बाइक से अंबाला-देहरादून हाईवे से गुजर रहे थे। जैसे ही वह गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के हरियाबांस गांव के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें आवाज देकर रोक लिया। बदमाशों ने पहले रास्ता पूछने का नाटक किया। ओमपाल जैसे ही उन्हें रास्ता समझाने लगे, दोनों बदमाशों ने अचानक हथियार निकाल लिया। उन्होंने ओमपाल को धमकाते हुए उनकी बाइक और मोबाइल फोन छीन लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश बेहद शातिर अंदाज में वारदात को अंजाम देकर कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घबराया पीड़ित ओमपाल कुछ दूरी तक पैदल गया और राहगीरों को पूरी जानकारी दी। राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि, देर शाम तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग सका था। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस बड़ी वारदात को लेकर स्थानीय पुलिस पूरे दिन मीडिया से बचती नजर आई और काफी देर तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
सहारनपुर में रास्ता पूछने के बहाने युवक से लूट:हथियार दिखाकर बाइक और मोबाइल छीना, बदमाश फरार















Leave a Reply