सहारनपुर में सांसद इकरा हसन पर FIR:सड़क जाम और धरने में कार्रवाई, पूर्व मंत्री समेत अज्ञात 25 लोगों पर भी आरोप




सहारनपुर में कैराना सांसद इकरा हसन समेत 7 नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर 19 मई को सदर थाने में दर्ज की गई थी। वहीं, अब यह सामने आई है। एफआईआर उप निरीक्षक संजय कुमार शर्मा की तहरीर पर दर्ज की गई है। 19 मई को कैराना सांसद इकरा हसन पीड़ित परिवार और समर्थकों के साथ डीआईजी कार्यालय पहुंची थीं। यहां उन्हें करीब 10 मिनट तक हिरासत में रखा गया था, जबकि मांगेराम कश्यप समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इसके विरोध में इकरा हसन समर्थकों के साथ थाने में धरने पर बैठ गई थी। इसके बाद 20 मई को पूर्व राज्य मंत्री मांगेराम कश्यप समेत पांच लोगों को जेल से रिहा कर दिया गया था। समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया था। अब जानिए पूरा मामला… शामली जिले के दशाले गांव में रहने वाले मोनू कश्यप की 21 अप्रैल को हत्या हुई थी। पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। 19 मई को कैराना सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों और पीड़ित परिवार के साथ डीआईजी कार्यालय पहुंची। आरोप है कि डीआईजी ने पीड़िता की बातों को अनसुना कर दिया। इसके बाद इकरा हसन डीआईजी दफ्तर के बाहर आ गईं, तभी महिला इंस्पेक्टर फोर्स के साथ वहां पहुंचीं और थाने लेकर आ गईं। इकरा का आरोप है कि उन्हें करीब 10 मिनट तक महिला थाने में हिरासत में रखा गया। वहीं, शांति भंग के तहत 5 लोगों का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया था। जेल भेजे गए लोगों में पूर्व राज्य मंत्री मांगेराम कश्यप के साथ अनुज, अजय, शिशपाल और तेजपाल शामिल थे। रिहाई के लिए धरने पर बैठीं थीं इकरा हसन पांचों की रिहाई के लिए सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों के साथ सदर बाजार में धरने पर बैठ गईं। शाम 4 बजे से रात साढ़े 9 बजे तक सदर बाजार थाने में डटी रहीं। उनकी पुलिस अफसरों से तीखी बहस भी हुई। सांसद ने पुलिसवालों से कहा- मुझे गोली मार दो, फांसी पर चढ़ा दो, इससे ज्यादा क्या कर लोगे? अगर कोई आदमी अपनी पीड़ा लेकर आया है तो उसे सुना नहीं जाता है। अब यही तरीका बचा है कि या तो हमें भी जेल भेज दो या हमारे कार्यकर्ताओं को रिहा करो। हम जेल जाने को तैयार हैं। देर रात सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने गिरफ्तार पूर्व राज्यमंत्री और सपा नेता मांगेराम कश्यप समेत 5 लोगों को बुधवार सुबह रिहा करने का भरोसा दिया था। इस पर सांसद ने धरना खत्म कर दिया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *