![]()
सहारनपुर में 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र पर्यवेक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। एडीएम-ई वीर बहादुर सिंह ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने दी जाएगी। नकल कराने, अफवाह फैलाने या परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और जिम्मेदारी के साथ सौंपे गए कार्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। लेखपाल मुख्य परीक्षा जनपद के 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीएम-ई वीर बहादुर ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, चाबियां समेत सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को केवल पेन, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही परीक्षा केंद्र के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है। कक्ष निरीक्षकों की विशेष ब्रीफिंग और प्रशिक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्र पुलिस अभिरक्षा में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पहुंचाए जाएंगे। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। एडीएम ने रेलवे, रोडवेज और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले अभ्यर्थियों को भी परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की दरें भी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा के दिन शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए बेहतर यातायात प्रबंधन करने को कहा गया है। प्रशासन ने परीक्षा से पहले पूर्वाभ्यास कराने के भी निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। इन सेंटरों पर होगी परीक्षा
Source link
सहारनपुर में 24 सेंटरों पर होगी लेखपाल परीक्षा:इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह रहेगा प्रतिबंध, सुबह 10 से 12 बजे तक होगी शिफ्ट
















Leave a Reply