![]()
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चंद्रा मौर्य चौक पर 17 मई को रेड सिग्नल पर हुए सड़क हादसे में अब मृतकों की संख्या 3 हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल सलीम अली (35) ने 20 मई की रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। सलीम ICU में भर्ती था और जिंदगी की जंग लड़ रहा था। बता दें कि इस हादसे से सिर्फ दो दिन पहले ही सलीम के घर बेटी का जन्म हुआ था। पत्नी उसी समय अस्पताल में भर्ती थी और इसी दौरान परिवार को एक्सीडेंट की खबर मिली। इस हादसे में पहले ही नूर खान (15) और मनोहर कुमार गोनाडे (55) की मौत हो चुकी थी। बाइक सवार AC बनाने का काम करते हैं, वे कहीं रिपेयर के काम से जा रहे थे। रेड सिग्नल पर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से आकर उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने कार ड्राइवर सागर जायसवाल को हिरासत में ले लिया है। कार ने सिग्नल पर खड़ी गाड़ी मारी टक्कर जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 17 मई की दोपहर करीब 2:38 बजे हुआ था। दुर्ग में दो अलग-अलग बाइक और स्कूटी पर 3 लोग सवार थे। वे सुपेला से पावर हाउस की तरफ जाते समय चंद्रामौर्या चौक पर रेड सिग्नल पर खड़े थे। इसी दौरान काले रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (CG-07-BR-0571) लेकर सागर जायसवाल तेज रफ्तार में दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार ड्राइवर ने सिग्नल तोड़ते हुए लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाई और बाइक-स्कूटी सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। कार काफी तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। ड्राइवर ने रेड सिग्नल पर खड़े बाइक-स्कूटी सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और स्कूटी बुरी तरह टूट गए और लोग कई फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में नाबालिग स्कूटी पर सवार था, एक युवक बाइक पर सवार था। स्कूटी सवार दोनों AC बनाने का काम करते थे। दो लोगों की मौके पर हुई थी मौत हादसे में सुपेला के साक्षरता चौक निवासी नूर खान की मौके पर ही मौत हो गई थी। नूर पिछले कुछ दिनों से अपने मौसा सलीम अली के साथ गर्मी की छुट्टियों में एसी रिपेयरिंग का काम सीख रहा था। रविवार को भी वह अपने मौसा के साथ स्कूटी से काम पर निकला था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार मनोहर कुमार गोनाडे की भी मौके पर ही मौत हो गई थी। कार ड्राइवर को हिरासत में लिया गया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। जान के बदले जान चाहिए- मामी मृतक नूर की मामी का कहना है कि खड़ी स्कूटी को कार ने टक्कर मारी है। दोनों काम पर गए थे। दुकान से कहीं दूसरे जगह एसी का काम करने जा रहे थे। हमें नूर वापस चाहिए, वरना हर्जाना दो, नहीं तो जान के बदले जान चाहिए। 3 दिन तक आईसीयू में रहा सलीम गंभीर रूप से घायल सलीम अली को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। आखिरकार 20 मई की रात उसने दम तोड़ दिया। सलीम अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके तीन बच्चे हैं। नशे की हालत में कार चला रहा था आरोपी जांच में सामने आया है कि आरोपी सागर जायसवाल हादसे के वक्त नशे की हालत में कार चला रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। वह पहले भी नशे के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वैशाली नगर थाना में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि वह करीब एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल कार और उससे जुड़े दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सुपेला थाना में उसके खिलाफ धारा 105, 125(ए), 128 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। ………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. रेड सिग्नल पर खड़े बाइक सवारों को कार ने कुचला..मौत:सरगुजा हाईवे पर भिड़ीं बाइक, सड़क हादसों में 4 की गई जान छत्तीसगढ़ में रविवार (17 मई) को अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना दुर्ग जिले की है, जहां तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल पर खड़ी 2 बाइकों को कुचल दिया। हादसे में नाबालिग समेत 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
सिग्नल पर बाइक सवारों को कार ने कुचला, 3 मौतें:3 दिन बाद घायल ने तोड़ा दम, हादसे से 2 दिन पहले बेटी हुई थी














Leave a Reply