![]()
सिद्धार्थनगर। जनपद के विकास खंड जोगिया अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनौरा में शनिवार को जल जीवन मिशन के तहत नवनिर्मित पेयजल परियोजना का लोकार्पण किया गया। विधायक श्यामधनी राही ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर और जल संकल्प के साथ योजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना से गांव के 361 परिवारों को अब सीधे उनके घरों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। यह परियोजना लगभग 2 करोड़ 41 लाख 37 हजार रुपये की लागत से तैयार हुई है, जिसे वर्ष 2022-23 में स्वीकृति मिली थी। इसके तहत गांव में 175 किलोलीटर क्षमता का शिरोपरि जलाशय बनाया गया है। साथ ही, लगभग 7.980 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। योजना को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए 16 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल प्लांट भी लगाया गया है। यह प्लांट बिजली की बचत के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करेगा। पानी की आपूर्ति के लिए 550 लीटर प्रति मिनट क्षमता वाला पंपिंग प्लांट भी स्थापित किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक श्यामधनी राही ने जल संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजना की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विधि-विधान के साथ जलार्पण कर योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। अपने संबोधन में विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सोनौरा में शुरू हुई यह योजना ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होगी। विधायक ने कहा कि अब महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। स्वच्छ पेयजल मिलने से जलजनित बीमारियों पर भी रोक लगेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सोलर आधारित यह योजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Source link
सिद्धार्थनगर में 2.41 करोड़ की पेयजल योजना का लोकार्पण:विधायक श्यामधनी राही ने हर घर जल योजना का शुभारंभ किया















Leave a Reply