सिल्वर स्क्रीन पर 12 जून को दिखेगा नर्मदापुरम:'द नर्मदा स्टोरी’ में शहर की लोकेशन में रियल नाम, आदिवासी महिला की सच्ची कहानी पर है आधारित




नर्मदापुरम शहर एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएगा। 12 जून को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ में शहर और जिले की कई प्रमुख लोकेशन दिखाई जाएंगी। मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर मुंबई से लॉन्च किया गया, जबकि नर्मदापुरम के होम साइंस गर्ल्स कॉलेज में भी ट्रेलर लॉन्चिंग कार्यक्रम आयोजित हुआ। फिल्म में अभिनेता शरद सिंह इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि मध्यप्रदेश कैडर की महिला आईपीएस अधिकारी और वर्तमान डीआईजी सिमाला प्रसाद सब-इंस्पेक्टर के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में सिमाला प्रसाद की भूमिका प्रमुख बताई जा रही है। अभिनेता शरद सिंह ने बताया कि ‘द नर्मदा स्टोरी’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक सोशल क्राइम ड्रामा फिल्म है, जो महिलाओं के संघर्ष, साहस और न्याय की लड़ाई को दिखाती है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म हर उम्र के लोगों, खासकर महिलाओं और बेटियों को जरूर देखनी चाहिए। 40 दिन तक चली शूटिंग फिल्म की करीब 90 प्रतिशत शूटिंग नर्मदापुरम शहर और जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई है। जगदीश मंदिर घाट, जनपद पंचायत, बस स्टैंड, रेस्ट हाउस, तवा डैम सहित कई प्रमुख स्थान फिल्म में दिखाई देंगे। खास बात यह है कि फिल्म में नर्मदापुरम की पहचान और लोकेशन के नाम नहीं बदले गए हैं। फिल्म के निर्देशक जैगम इमाम हैं। फिल्म की कहानी नर्मदा अंचल और मध्यप्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। रघुवीर यादव और मुकेश तिवारी भी आएंगे नजर फिल्म में रघुवीर यादव, मुकेश तिवारी, अश्विनी कालसेकर, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजली पाटिल, जरीना वहाब, नर्मदापुरम के कलाकार शरद सिंह और इश्तियाक खान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। आदिवासी महिला के संघर्ष की कहानी फिल्म की कहानी आदिवासी महिला अग्नि धुर्वे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए संघर्ष करती है। उसकी लड़ाई में पुलिस इंस्पेक्टर नर्मदा रैकवार उसका साथ देती हैं। यह किरदार वास्तविक जीवन की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद ने निभाया है। दोनों मिलकर उन अपराधियों के खिलाफ खड़ी होती हैं, जो अपने रसूख और ताकत के दम पर खुद को कानून से ऊपर समझते हैं। पहले फिल्मों में बदला जाता था शहर का नाम नर्मदापुरम में इससे पहले महारानी, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, चक्रव्यूह, राजनीति सहित कई फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है। हालांकि उन फिल्मों में शहर और लोकेशन के नाम बदल दिए गए थे।
अभिनेता शरद सिंह ने कहा कि ‘द नर्मदा स्टोरी’ की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें नर्मदापुरम की वास्तविक पहचान को जस का तस रखा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *