सीतापुर में अघोषित बिजली कटौती पर किसानों का प्रदर्शन:किसान यूनियन ने चारपाई डालकर जताया विरोध, चार चरणों में आंदोलन की चेतावनी




सीतापुर के विकासखंड संदना क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। सरवा पावर हाउस पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए बोतल में “बिजली खरीदने” पहुंचकर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध जताया। किसानों ने पावर हाउस परिसर में चारपाई डालकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता उमेश पांडे ने कहा कि उपभोक्ता समय से बिजली बिल जमा कर रहे हैं, इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी एसी कमरों में बैठकर यह दावा कर रहे हैं कि गांवों में 16 से 18 घंटे बिजली दी जा रही है, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। किसानों और आम उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती-किसानी और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उमेश पांडे ने कहा कि किसान यूनियन ने विद्युत विभाग के खिलाफ चार चरणों में आंदोलन शुरू किया है। पहले चरण में पावर हाउस पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। दूसरे चरण में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। तीसरे चरण में मुख्य अभियंता विद्युत कार्यालय का घेराव होगा, जबकि चौथे और अंतिम चरण में लखनऊ पहुंचकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन की सूचना पर स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *