![]()
सीतापुर के पिसावा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर में बेटे के अन्नप्राशन कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में एक युवक ने आपसी विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार रामपुरभूड़ गांव निवासी 30 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह के छोटे बेटे का अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित था। घर में रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर रात शैलेन्द्र ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान घर में किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक विवाद के बाद शैलेन्द्र गुस्से में अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोगों को शक हुआ। कमरे में पहुंचने पर पता चला कि उसने कीटनाशक पदार्थ खा लिया है। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और अन्नप्राशन की खुशियां मातम में बदल गईं। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पिसावा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतापुर में अन्नप्राशन कार्यक्रम के बाद युवक ने खाया जहर:घरेलू विवाद के बाद उठाया कदम, उपचार के दौरान मौत















Leave a Reply