सीहोर गेहूं खरीदी केंद्र पर किसानों को आरही परेशानी:2 किमी लंबी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें, चार दिन में भी नहीं बिक रहा गेहूं




सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र स्थित साइलो गेहूं खरीदी केंद्र पर किसानों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने आए किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की 2 किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं, जबकि खरीदी की गति बेहद धीमी है। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर पीने के पानी और बैठने के लिए छायादार स्थान जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। भीषण गर्मी में किसान घंटों अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। जब वे अपनी शिकायत लेकर केंद्र कार्यालय पहुंचते हैं, तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिलता। किसान लखन ने बताया कि उनका स्लॉट एक महीने बाद बुक हुआ था। वे दो दिन से अपनी ट्रॉली लेकर केंद्र पर आए हैं, लेकिन अभी तक उनकी फसल नहीं तुली है। उन्होंने कहा कि अधिकांश खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पानी और बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ता है। इस संबंध में कलेक्टर बालागुरू के. ने निर्देश दिए हैं कि उपार्जन केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग के आधार पर ही किसानों को निर्धारित समय पर बुलाया जाए, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं खरीदी निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उपार्जन कार्य के दौरान किसानों से लगातार संवाद बनाए रखा जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *