सुलतानपुर में पुलिस मुठभेड़, गो तस्कर गिरफ्तार:पैर पर मारी गोली, जौनपुर का रहने वाला है शातिर, चार दिन में तीसरी कार्रवाई




सुलतानपुर में पुलिस ने चार दिनों के भीतर तीसरे गोतस्कर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शुक्रवार तड़के अखंडनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में जौनपुर निवासी मोहम्मद अनवर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस को 22 मई की सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि गोकशी से जुड़े कुछ अपराधी ग्राम रायपुर क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर अखंडनगर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी मोहम्मद अनवर के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अनवर पुत्र लाल मोहम्मद के रूप में हुई है, जो जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के पतेला गांव का निवासी है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, अनवर के खिलाफ पहले भी गोकशी सहित विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर भेजा गया है। यह इस सप्ताह की तीसरी ऐसी घटना है। इससे पहले बुधवार को जय सिंहपुर में हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी गोतस्कर विनोद यादव को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, मंगलवार को अखंडनगर में ही मोहम्मद आसिफ को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *