![]()
सुल्तानपुर में अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गुप्तारगंज कस्बे के चंडिका देवी धाम के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर और कंटेनर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कूरेभार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल कंटेनर चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। चालक को तुरंत एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान धम्मौर थाना क्षेत्र के बनकेपुर निवासी मोहम्मद कफील के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर चालक मोहम्मद कफील का पैर कट गया था। हादसे के बाद ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों भारी वाहन तेज गति से गुजर रहे थे, तभी अचानक अनियंत्रित होकर उनमें जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। देर रात तक यातायात को सामान्य बहाल कर दिया गया। कूरेभार थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने जानकारी दी कि दुर्घटना में घायल कंटेनर चालक मोहम्मद कफील की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बल्दीराय के सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सुल्तानपुर में ट्रेलर-कंटेनर की भिड़ंत, चालक की मौत:पैर कटने से गई जान; ट्रेलर चालक फरार















Leave a Reply