सोनभद्र में गैस सिलेंडर के लिए लगी लंबी कतारें:उपभोक्ता कई दिनों से चक्कर काटने का लगा रहे आरोप




सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में भीषण गर्मी के बीच घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त करने में उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें कई दिनों से गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। मेहुरी कला निवासी एक महिला ने बताया कि उन्होंने मोबाइल के माध्यम से गैस बुक की थी, लेकिन एजेंसी पहुंचने पर उन्हें दूसरे वितरण केंद्र पर भेज दिया गया। वहां भी सिलेंडर न मिलने पर उन्हें वापस एजेंसी जाने को कहा गया। महिला का दावा है कि वह पिछले एक सप्ताह से 10 दिन तक लगातार एजेंसी और वितरण केंद्रों के चक्कर काट रही हैं। अन्य उपभोक्ताओं ने भी गैस वितरण केंद्रों पर अव्यवस्था की शिकायत की। उनका कहना है कि सुबह 8 बजे से बिना खाए-पीए लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि चार-चार दिन से नंबर लगाने के बाद भी उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई गई है। भीषण धूप और गर्मी के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है और चक्कर आने की शिकायतें भी सामने आई हैं। खुरिया करमा निवासी आयुष कुमार जायसवाल ने बताया कि वह सुबह 6 बजे से गैस एजेंसी पर इंतजार कर रहे हैं। उन्हें पहले 8 बजे सिलेंडर मिलने की बात कही गई, फिर 10 बजे, 12 बजे, 2 बजे और बाद में 3 बजे का समय दिया गया। इसके बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल सका। उन्होंने यह भी बताया कि उनके आगे लाइन में खड़े कई लोग घंटों इंतजार के बाद खाली हाथ लौट गए। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वितरण में लगातार टालमटोल की जा रही है और वाहन तथा सप्लाई की कमी का हवाला देकर लोगों को घंटों इंतजार कराया जा रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कर गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है,ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *