हरदा पॉलिटेक्निक में प्रवेश प्रक्रिया शुरू:29 मई तक कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, स्कॉलरशिप और प्लेसमेंट का अवसर




हरदा पॉलिटेक्निक कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी विभिन्न इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिला ले सकते हैं। प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 29 मई रात 11:45 बजे तक निर्धारित की गई है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों को कुल चार प्रमुख इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शामिल हैं। योग्यता पूरी करने वाले विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार इन कोर्सेस का चयन कर सकते हैं। छात्रों को मिलेगा नई शिक्षा नीति का फायदा
महाविद्यालय की प्राचार्य अभिरुचि सिंह ने बताया कि, “नई शिक्षा नीति के तहत पॉलिटेक्निक डिप्लोमा को अब 12वीं के समकक्ष मान्यता प्राप्त होगी।” इस महत्वपूर्ण बदलाव से विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त करने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने में सीधा लाभ मिलेगा। 12वीं और आईटीआई पास को सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश
प्राचार्य अभिरुचि सिंह ने यह भी जानकारी दी कि जिन विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर ली है या आईटीआई (ITI) का कोर्स किया है, उन्हें सीधे डिप्लोमा के द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश दिया जाएगा। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों के समय की बचत होगी और वे जल्द अपना करियर बना सकेंगे। कैंपस प्लेसमेंट के जरिए मिलती है सीधी नौकरी
कॉलेज के टीपीओ (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर) विकास भूमरकर ने बताया कि महाविद्यालय का प्लेसमेंट रिकॉर्ड लगातार बेहतर रहा है। विभिन्न कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए सीधे कॉलेज आती हैं, जिससे विद्यार्थियों को तुरंत नौकरी के अवसर मिलते हैं। इसके अलावा सरकारी विभागों में भी डिप्लोमा धारकों के लिए रोजगार के कई विकल्प मौजूद हैं। सभी वर्गों के लिए छात्रवृत्ति और फीस सहायता उपलब्ध
महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार विभिन्न छात्रवृत्तियों का लाभ भी दिया जाता है। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को फीस वापसी और छात्रवृत्ति की सुविधा मिलेगी। वहीं, सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के अंतर्गत फीस में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *