हरदोई में कार-स्कूली बस की टक्कर:गंगा एक्सप्रेस-वे के पास हुए हादसे में बस चालक समेत 12 बच्चे घायल




हरदोई में मंगलवार सुबह बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेस-वे के पास एक स्कूली बस और कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूली बस खंती में जा गिरी, जिससे चालक सहित 12 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस और स्कूल की वैन से बिलग्राम सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने सभी का इलाज किया। डीपीएसडी पब्लिक स्कूल बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में कन्नौज तिराहे के पास स्थित है। स्कूल की बसें और वैन विभिन्न गांवों से बच्चों को लाती हैं। मंगलवार सुबह, तरौली, हैबतपुर और पुसेड़ा जैसे गांवों से बच्चों को लेकर एक बस स्कूल जा रही थी। गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर पुसेड़ा गांव से पहले माधौगंज की ओर से आ रही एक कार से बस की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस खंती में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चों को बस से बाहर निकाला। घटना की सूचना एंबुलेंस, पुलिस और स्कूल प्रबंधन को दी गई।
घायलों में तरौली निवासी सूर्यकुमार (पुत्र राम जी), रुद्र सिंह (पुत्र राहुल सिंह), सर्वेश, हैबतपुर निवासी रामकृष्ण (पुत्र विमलेश), आयुषी (पुत्री संजीव कुमार) के साथ-साथ लवश सिंह, रियांश, दिव्या, अयांश, अंशी यादव, आयुष और बस चालक विजय शामिल हैं। अयांश और आयुषी को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए। सभी घायलों को स्कूल की वैन और एंबुलेंस से बिलग्राम सीएचसी पहुंचाया गया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, बस में करीब 22 बच्चे सवार थे। सभी घायलों का बिलग्राम सीएचसी में चिकित्सकों द्वारा इलाज किया गया। बच्चों के अभिभावक भी सीएचसी पहुंचे। सभी ने अपने-अपने बच्चों का हाल जाना। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और स्कूल प्रबंधक नितिन गुप्ता भी बिलग्राम सीएचसी पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल जाना। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर सर्विस लेन पर ब्रेकर होते तो इस तरह के हादसे शायद न होते।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *