हरदोई में किसान आत्महत्या पर कांग्रेस का प्रदर्शन:लेखपाल की गिरफ्तारी, 50 लाख मुआवजे की मांग




हरदोई में किसान आत्महत्या के मामले को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष सिंह सोमवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने किसान को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर मजबूर करने वाले लेखपाल को तत्काल गिरफ्तार करने और उसे नौकरी से बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आशीष सिंह सोमवंशी ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक किसान को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करना गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि मृतक किसान के पांच बच्चे हैं और परिवार अब बेसहारा हो गया है। आशीष सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित लेखपाल के खिलाफ 3 मई 2026 को बलात्कार जैसी गंभीर धाराओं में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा कि विभागीय संरक्षण के कारण उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी का मनोबल बढ़ा और एक किसान की जान चली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस पीड़ित परिवार की मूल तहरीर पर सीधे मुकदमा दर्ज करने के बजाय राजस्व निरीक्षक के माध्यम से मामला दर्ज कर आरोपी लेखपाल को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने इस प्रकार की कार्यशैली को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मृतक किसान के परिवार को तत्काल 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक आश्रित को योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके साथ ही, आरोपी लेखपाल की तत्काल गिरफ्तारी और सेवा से बर्खास्तगी की भी मांग की गई। पूर्व जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी बहादुर क्षेत्र से लेकर जनपद स्तर तक जनआंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *