हापुड़ में चलती टाटा हैरियर कार में लगी आग:दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू




हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बुधवार शाम एक चलती टाटा हैरियर कार में अचानक आग लग गई। रामा अस्पताल के सामने हुई इस घटना में देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक बाबूगढ़ निवासी राहुल चौधरी अपनी पत्नी की मौसी के बेटे को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले जाने के लिए रामा अस्पताल जा रहे थे। अस्पताल के सामने पहुंचते ही कार के बोनट से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। चालक राहुल चौधरी ने तुरंत कार रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल से पानी मंगवाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। अग्निशमन केंद्र प्रभारी सचिन बालियान ने बताया- सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास खड़े वाहनों और इलाके में आग फैलने से रोक लिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *