12 ज्योतिर्लिंगों की पदयात्रा लेकर आगरा पहुंचे दम्पत्ति:11 राज्यों की पैदल यात्रा हुई पूरी, शिवभक्त दम्पत्ति का जिले में हुआ स्वागत




12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले गुजरात के शिवभक्त दम्पत्ति का रविवार को आगरा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय सिंधी महासंघ ने ग्वालियर रोड पर पुष्प वर्षा कर दोनों श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। बाद में जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल भवन में स्वागत समारोह आयोजित हुआ, जहां शिव और भगवान झूलेलाल के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। अहमदाबाद निवासी नीलेश राजानी और सोनिया राजानी पिछले कई महीनों से 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले हुए हैं। आगरा पहुंचने पर सिंधी समाज ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्वालियर रोड पर समाज के लोगों ने फूल बरसाकर दोनों यात्रियों का अभिनंदन किया। इसके बाद जय झूलेलाल भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सिंधी महासंघ के संरक्षक जितेंद्र त्रिलोकानी ने बताया कि यह दंपति भारत का पहला ऐसा दंपति बन चुका है जो 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल पदयात्रा कर रहा है। यात्रा की शुरुआत 23 जुलाई को अहमदाबाद, गुजरात से हुई थी। अब तक दोनों श्रद्धालु 11 राज्यों की यात्रा पूरी कर चुके हैं और 8 ज्योतिर्लिंगों के साथ 5 शक्तिपीठों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान दंपति हर 30 से 50 किलोमीटर के बीच सिंधी समाज के परिवारों के यहां रुकता है, जहां उन्हें भोजन, विश्राम और सहयोग मिलता है। कई बार खराब मौसम, लंबी दूरी और रास्ते की परेशानियों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन दोनों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और संकल्प को कमजोर नहीं होने दिया। आयोजकों के अनुसार यह आध्यात्मिक यात्रा अभी करीब पांच महीने और चलेगी। समाज के लोगों ने इसे केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा और समाज की एकता का संदेश बताया। कार्यक्रम का संचालन मनोहर लाल हंस ने किया जबकि अध्यक्षता महेश कुमार सोनी ने की। इस दौरान रामचंद्र हंसानी, गिरधारी लाल करमचंदानी, खेमचंद तेजनी, राजकुमार हंसानी और राजू खेमानी समेत कई लोग मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *