15 दिन बाद भी 32लाख चोरी का सुराग नहीं मिला:सीहोर में कॉन्ट्रैक्टर के घर से 7 लाख नकद और लाखों के जेवर ले गए थे चोर




सीहोर की अवधपुरी कॉलोनी में हुई 32 लाख रुपए की चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। वारदात को 15 दिन से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। यह मामला इसलिए भी चर्चाओं में है, क्योंकि जिस मकान में चोरी हुई, उसके तीनों ओर पुलिसकर्मियों के आवास हैं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, कॉन्ट्रैक्टर दीपक जाधव का परिवार 24 जून को महाराष्ट्र गया हुआ था। 27 जून को जब परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से नकदी व जेवर गायब थे। चोर घर से करीब 7 लाख रुपए नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में करीब 10 लाख रुपए का रानी हार, मंगलसूत्र, सोने की कटोरी, 20 सोने के मोती और चांदी के सिक्के शामिल बताए गए हैं। एफएसएल जांच के बाद भी नहीं मिला सुराग वारदात के बाद एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने जल्द खुलासे का दावा भी किया था, लेकिन दो सप्ताह से अधिक समय गुजरने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कॉलोनी और आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं। कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। लाखों रुपए की नकदी और जेवर गंवा चुका जाधव परिवार लगातार थाने के चक्कर काट रहा है। परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। पुलिस का कहना है कि जांच टीमें लगातार काम कर रही हैं, लेकिन 32 लाख की इस बड़ी चोरी का खुलासा नहीं होने से पुलिस प्रशासन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *