150 निजी स्कूलों ने नहीं दी जानकारी:फीस, ड्रेस और RTE प्रवेश पर मांगी थी सूचना; अब होगी कार्रवाई




उमरिया जिले में निजी स्कूलों द्वारा फीस, पुस्तक, गणवेश और शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत प्रवेश संबंधी जानकारी उपलब्ध न कराने पर अब कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा जानकारी मांगे जाने के बावजूद, अधिकांश स्कूलों ने विवरण प्रस्तुत नहीं किया है। जिला शिक्षा केंद्र उमरिया ने 19 अप्रैल को जिले के 190 निजी स्कूलों को पत्र जारी किया था। इस पत्र में फीस संरचना, स्कूल ड्रेस, पुस्तकों और आरटीई प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी गई थी। प्रशासन को निजी स्कूलों द्वारा फीस वसूलने और छात्रों पर निर्धारित दुकानों से पुस्तक व ड्रेस खरीदने का दबाव बनाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर यह जानकारी मांगी गई थी। पत्र जारी होने के लगभग एक माह बाद भी, केवल 40 स्कूलों ने ही आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई है। शेष 150 स्कूलों ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। जानकारी प्राप्त न होने पर विभाग ने एक अनुस्मारक पत्र भी जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद स्कूल संचालकों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जिला परियोजना समन्वयक के.के. डेहरिया ने शुक्रवार को बताया कि सभी स्कूलों के लिए तीनों बिंदुओं (फीस, ड्रेस, आरटीई प्रवेश) की जानकारी देना अनिवार्य था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी उपलब्ध न कराने वाले स्कूलों के खिलाफ अब कार्रवाई और जुर्माने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती के बाद जिले के निजी स्कूल संचालकों में चिंता बढ़ गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *