![]()
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में प्रस्तावित 20 मई की बंदी को लेकर आगरा के थोक दवा व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया है। आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन की बैठक में व्यापारियों ने साफ कहा कि जबरन थोपी गई इस बंदी का कोई औचित्य नहीं है और मरीजों की सुविधा को देखते हुए शहर का दवा बाजार पूरी तरह खुला रहेगा। आगरा के थोक दवा व्यापारियों की हुई बैठक में बंदी को लेकर तीखी नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने कहा कि बिना सभी व्यापारियों की सहमति के बंदी का फैसला लेना गलत है। बैठक में मौजूद स्टॉकिस्ट व्यापारियों ने साफ कहा कि दवा कारोबार सीधे मरीजों की जरूरत से जुड़ा है। ऐसे में बाजार बंद करने से सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और उनके परिजनों को होगी। व्यापारियों ने कहा कि एक दिन की बंदी से करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित होता है। साथ ही छोटे व्यापारियों और कर्मचारियों पर भी इसका असर पड़ता है। इसी को देखते हुए सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर “20 मई 2026 को हमारा प्रतिष्ठान खुला रहेगा” के पोस्टर लगाए और फुटकर दवा व्यापारियों तक संदेश पहुंचाया कि दवाओं की सप्लाई लगातार जारी रहेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी भी अस्पताल, मेडिकल स्टोर या मरीज को दवा की कमी नहीं होने दी जाएगी। थोक बाजार से नियमित तरीके से दवाओं की सप्लाई जारी रखी जाएगी ताकि शहर की स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई असर न पड़े। व्यापारियों ने कहा कि दवा जैसी जरूरी सेवा को बंद करना उचित नहीं है। बैठक में मनु फार्मा, काशी मेडिकल, गोवर्धन फार्मा, तनेजा मेडिकल, कृष्णा फार्मा, पंजवानी डिस्ट्रीब्यूटर्स, सिंध मेडिकल, पंडित ब्रदर्स, इंडियन मेडिकल बैंक, बिहारी मेडिकल, अलका सर्जिकल, श्री राधे फार्मा, रूबल मेडिकल, डॉक्टर फार्मा, वृंदावन फार्मा, वैश्य मेडिकल, अनुपम केमिस्ट, परिधि एजेंसी, मंगला मेडिको, विमला मेडिकल और शिवपार्वती फार्मा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के चेयरमैन संजय चौरसिया, अध्यक्ष आशीष शर्मा और महामंत्री अश्वनी श्रीवास्तव ने कहा कि 20 मई को शहर का दवा बाजार सामान्य दिनों की तरह खुला रहेगा और सभी व्यापारी समयानुसार अपने प्रतिष्ठान संचालित करेंगे।
Source link
20 मई की बंदी का दवा व्यापारियों ने किया विरोध:बाजार खुला रखने का लिया फैसला, बोले- जबरन थोपी बंदी का कोई औचित्य नहीं














Leave a Reply