25 वार्डों में रविवार को नहीं होगी पानी सप्लाई:बैतूल के हमलापुर फीडर पर मेंटेनेंस के चलते फिल्टर प्लांट रहेगा बंद




बैतूल शहर के 25 वार्डों में रविवार, 17 मई को पेयजल आपूर्ति बंद रहेगी। 33 केवी हमलापुर फीडर और उपकेंद्र पर प्रस्तावित मेंटेनेंस कार्य के कारण विवेकानंद वार्ड स्थित मुख्य फिल्टर प्लांट की बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। इससे शहर के बड़े हिस्से में पानी संकट गहरा सकता है। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल ने नगर पालिका को पत्र जारी कर बताया है कि हमलापुर फीडर पर करीब 5 से 7 घंटे तक मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इस दौरान मुख्य फिल्टर प्लांट पूरी तरह बंद रहेगा। नगर पालिका ने नागरिकों से जरूरत के मुताबिक पहले से पानी संग्रहित करने की अपील की है। एक दिन छोड़कर हो रही सप्लाई शहर की अधिकांश आबादी को विवेकानंद वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट से पानी सप्लाई किया जाता है। यहां ताप्ती बैराज से आने वाले पानी को दो बड़ी टंकियों में संग्रहित कर 25 वार्डों में वितरित किया जाता है। वर्तमान में शहर में एक दिन के अंतराल से जलापूर्ति हो रही है। ऐसे में रविवार को सप्लाई बंद रहने से लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जल शाखा प्रभारी धीरेन्द्र राठौर ने बताया कि जिन क्षेत्रों में ट्यूबवेल आधारित जलापूर्ति होती है, वहां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पानी दिया जाएगा। इनमें रामनगर, जयप्रकाश वार्ड, जाकिर हुसैन वार्ड, भुजलिया, कृष्णपुरा, आंबेडकर और महावीर वार्ड के अधिकांश हिस्से शामिल हैं। शहर में पहले से गहरा रहा जल संकट बैतूल शहर पहले से ही गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है। हाल ही में घोघरी डैम से करीब आधा एमसीएम पानी छोड़ा गया था, जो 22 किलोमीटर का सफर तय कर ताप्ती बैराज तक पहुंचा। नगर पालिका का दावा है कि इससे शहर को करीब ढाई महीने तक राहत मिल सकेगी। फिलहाल नगर पालिका को केवल 7.50 एमएलडी पानी मिल पा रहा है, जबकि एक दिन छोड़कर जलापूर्ति बनाए रखने के लिए 9 एमएलडी पानी की जरूरत है। यानी रोजाना करीब 15 लाख लीटर पानी की कमी बनी हुई है। माचना एनीकट में घटा जलस्तर माचना एनीकट में भी जलस्तर तेजी से कम हो रहा है। यहां केवल दो फीट पानी बचा होने की जानकारी सामने आई है। नगर पालिका ने बंद पड़े 35 ट्यूबवेल दोबारा शुरू किए हैं और अधिग्रहित बोर व कुओं से भी पानी लिया जा रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए आने वाले दिनों में शहर में पेयजल संकट और गहरा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *