47 डिग्री गर्मी में जनसुनवाई में पानी को तरसे लोग:छतरपुर कलेक्ट्रेट में खाली मिले मटके, दूर-दराज से आए लोगों को खरीदकर पीना पड़ा पानी




छतरपुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई भीषण गर्मी और अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच कलेक्ट्रेट परिसर में आम लोगों के लिए पीने के पानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा, जबकि अधिकारियों के लिए ठंडी बोतलों में मिनरल वॉटर की व्यवस्था की गई थी। जिला पंचायत परिसर में जनसुनवाई के दौरान कई जगह मटके रखे गए थे, लेकिन अधिकांश खाली मिले। लोगों का कहना था कि सुबह पानी भरा गया था, लेकिन भीड़ बढ़ने के बाद मटकों को दोबारा नहीं भरवाया गया। देखिए दो तस्वीरें…. शिकायत लेकर पहुंचे लोग घंटों रहे परेशान जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को पानी नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बाहर से पैसे देकर पानी खरीदते नजर आए। जिले के दूरस्थ गांवों से 100 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर आए लोग भी गर्मी और पानी की समस्या से जूझते रहे। जनसुनवाई में पहुंचे एडवोकेट अभिलेख खरे ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर मंगलवार को सैकड़ों लोग अपनी शिकायत लेकर आते हैं, ऐसे में पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर लापरवाही है। तहसीलदार बोले- ज्यादा भीड़ से खाली हो गए मटके मामले में जनसुनवाई में मौजूद तहसीलदार ने कहा कि संभवतः ज्यादा भीड़ आने के कारण मटके जल्दी खाली हो गए होंगे। उन्होंने दोबारा पानी भरवाने की बात कही। भीषण गर्मी के बीच जिला मुख्यालय पर पानी की अव्यवस्था ने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी। लोगों ने जनसुनवाई जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *