सनी गुप्ता | संभल9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमरोहा में एक शादी समारोह के दौरान आग लगने से गंभीर रूप से झुलसी संभल की 7 वर्षीय बच्ची तनु यादव ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में 24 दिन के इलाज के बाद दम तोड़ दिया। इस घटना में बच्ची की मां भुवनेश देवी भी झुलस गई थीं। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है।
यह हादसा बीते 28 अप्रैल को अमरोहा के थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव खेलिया पट्टी में हुआ था। बच्ची के पिता नीरज यादव अपने परिवार के साथ अपनी ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह में ‘हवाई खाना’ बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइपलाइन अचानक निकल गई, जिससे भीषण आग लग गई।

आग की चपेट में आने से नीरज यादव की पत्नी भुवनेश देवी और उनकी बेटी तनु कुमारी बुरी तरह झुलस गईं। परिवार के सदस्यों ने दोनों को तत्काल संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, तनु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
एम्स में 24 दिनों तक चले इलाज के बावजूद, सात वर्षीय तनु यादव को बचाया नहीं जा सका और उसने दम तोड़ दिया। मृतक बच्ची कक्षा 2 की छात्रा थी। पिता नीरज यादव ने बताया कि बच्ची का शव मध्यरात्रि तक गांव पहुंचेगा और शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
















Leave a Reply