![]()
भास्कर न्यूज | गढ़वा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी संचालन और योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण शाखा, गढ़वा और निदेशालय एवं आईपीई ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं और संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देकर योजना के सुचारू और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पोर्टल प्रविष्टि, आवेदन प्रक्रिया, लाभुक स्वीकृति, भुगतान प्रक्रिया एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन, लाभुक पंजीकरण, फेस ऑथेंटिकेशन, आधार सीडिंग, डीबीटी इनेबल एवं एनपीसीआई मैपिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के 30 दिनों के भीतर उनका पंजीकरण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने योजना के विभिन्न मॉड्यूल पर विस्तार से जानकारी दी और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर राना तबस्सुम और सुधीर कुमार विश्वकर्मा ने तकनीकी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया। मौके पर बताया गया कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद प्रखंड स्तर पर भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं संबंधित कर्मियों को योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी मिल सके। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अर्चना सिन्हा ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं और आंगनबाड़ी सेविकाओं को भी प्रशिक्षित करें, ताकि पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ समय पर एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सके।
Source link
पीएम मातृ वंदना योजना के बेहतर बनाने को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण















Leave a Reply