![]()
भास्कर न्यूज | गुमला मोमिन अंसारी पंचायत की ओर से चांदनी चौक स्थित कार्यालय में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की मेधावी छात्राओं के लिए एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के अध्यक्ष अखलाक अंसारी ने की। इस दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सर्टिफिकेट, डायरी और पेन देकर प्रोत्साहित किया गया। समारोह की शुरुआत में पंचायत के संरक्षक आशिक अंसारी, सुल्तान अंसारी और इस्राइल अंसारी ने सभी छात्राओं को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद कार्यकारिणी के सदस्यों ने छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान मेधावी फरहत जहां, शिफा नाज, उजमा परवीन,आलिया हमीद आदि सम्मानित हुई। संरक्षक आशिक अंसारी ने छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सभी के पास आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर है। खुशी की बात है कि आपके माता-पिता ने शिक्षा के महत्व को समझा। आप अपनी पढ़ाई के दम पर प्रशासनिक सेवा, स्वास्थ्य क्षेत्र और अन्य उच्च पदों पर जाकर समाज की सेवा कर सकती हैं। संरक्षक सुल्तान अंसारी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार भी छात्राओं की शिक्षा के लिए कई छात्रवृत्ति योजनाएं चला रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत हर कदम पर छात्राओं के साथ खड़ी है। अध्यक्ष अखलाक अंसारी ने कहा कि अंसारी पंचायत हमेशा से शिक्षा को लेकर गंभीर रही है। उन्होंने घोषणा की कि इन बच्चियों के भविष्य को संवारने के लिए पंचायत हमेशा सहयोग करेगी और जरूरत पड़ने पर आगे की पढ़ाई के लिए कोर्स की किताबें भी मुफ्त उपलब्ध कराएगी। मौके पर सचिव सोहैल अंसारी, शाहजहां अंसारी, फिरोज अंसारी, हामिद अंसारी, मुबारक अंसारी, तबरेज अंसारी, दिलशाद अंसारी, खालिद अंसारी, यूसुफ अंसारी सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Source link
छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए पंचायत मुफ्त में उपलब्ध कराएगी कोर्स की किताबें















Leave a Reply