आम तोड़ने के विवाद में मारपीट, दो घायल, रेफर



गढ़वा | रमना थाना क्षेत्र के कोरगा गांव में आम तोड़ने को लेकर हुई मारपीट की घटना में शनिवार को दोनों पक्ष के महिला सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के सुरेंद्र चौधरी की पत्नी फूलवंती देवी 30 वर्ष एवं दूसरे पक्ष के मेराल थाना क्षेत्र के तेसर टेटूका गांव निवासी सत्यदेव चौधरी का पुत्र विजय चौधरी 26 वर्ष के नाम शामिल है। सभी को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के संबंध में एक पक्ष के फूलवंती देवी ने आरोप लगाया है कि उसके जमीन में आम का पेड़ है लेकिन दूसरे पक्ष के लोग उसे पेड़ को अपना बताकर आम तोड़ने से मना कर रहे हैं। इसका विरोध करने पर संजय चौधरी, प्रभादेवी, सूर्य देव चौधरी, अजय चौधरी, देवेंद्र चौधरी, रमेश चौधरी, बबलू चौधरी, श्याम चौधरी, आदि ने मिलकर मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष के विजय चौधरी ने बताया कि वह अपना ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ने चला गया, लेकिन प्रथम पक्ष के लोगों ने उसे आम तोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद वह नीचे उतर गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपस में नोकझोंक हो गई। इसी बात को लेकर रास्ते में रोककर भोला चौधरी, मानदेव चौधरी, लल्लू चौधरी आदि ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को रमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों पक्षों को गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में दोनों पक्षों के द्वारा रमना थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए एक दूसरे के विरुद्ध आवेदन दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *