![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो स्टील प्लांट के क्रीड़ा विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे शिविरों में शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण सत्र प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। 22 मई को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल खेलों में कुल 305 बच्चों ने हिस्सा लिया। क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में सर्वाधिक 104 खिलाड़ियों की भागीदारी दर्ज की गई, जबकि फुटबॉल में 65 बच्चे शामिल हुए। इसके अलावा हैंडबॉल में 36, बास्केटबॉल में 52, हॉकी में 22 तथा वॉलीबॉल में 26 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। बास्केटबॉल प्रशिक्षण स्टील क्लब सेक्टर-3 में आयोजित किया गया, जबकि वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-4 में संचालित हो रहा है। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को खेल की तकनीकी जानकारी, फिटनेस, अनुशासन एवं टीम भावना के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों की खेल प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। बीएसएल प्रबंधन के अनुसार ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। यह शिविर खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बीएसएल के खेल एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह ग्रीष्मकालीन क्रीड़ा प्रशिक्षण शिविर 2 जून तक चलेगा।
Source link
ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में खिलाड़ियों का दिखा उत्साह














Leave a Reply