![]()
भास्कर न्यूज|लावालौंग बहुचर्चित गुड्डू मुंडा अपहरण और हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।जिस युवक की तलाश पिछले डेढ़ महीने से चल रही थी, उसका शव आखिरकार जंगल की मिट्टी के नीचे से बरामद हुआ। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की जड़ में अवैध प्रेम-प्रसंग था। गांव के ही एक युवक ने अपनी मां के साथ चल रहे कथित प्रेम संबंध से नाराज होकर दोस्तों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 मई 2026 को टुनगुन गांव निवासी संतोष मुंडा ने अपने पुत्र गुड्डू मुंडा के अपहरण की शिकायत थाना में दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी महेश गंझू टूट गया और उसने पूरे हत्याकांड की परतें खोल दीं। पुलिस के अनुसार,गुड्डू मुंडा का गांव के ही राकेश मुंडा की मां रीता देवी के साथ कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बात से नाराज राकेश मुंडा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।खुलासे के मुताबिक 30 मार्च 2026 को आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही गुड्डू मुंडा मंधनिया घाटी के पास बस से गुजर रहा था, आरोपियों ने उसे चलती बस से उतार लिया।इसके बाद बेरहमी से मारपीट करते हुए उसे जंगल की ओर ले जाया गया,जहां उसकी हत्या कर दी गई।हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मंधनिया-हाहे जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया ताकि किसी को भनक न लगे। लेकिन पुलिस की सख्त जांच के आगे आरोपियों की चाल ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। पुलिस ने इस मामले में महेश गंझू,नितेश कुमार गंझू और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।वहीं इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा राकेश मुंडा अब भी फरार है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा
Source link
खुलासा: जंगल से बरामद हुआ गुड्डू का शव











Leave a Reply